बनवार ओवरब्रिज के पूरब ट्रक और कार में भीषण टक्कर, कार के उड़े परखच्चे
हादसे के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम, कार में सवार लोगों का नहीं मिला सुराग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर बनवार रेल ओवरब्रिज के पूरब शुक्रवार को ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एक हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार चालक समेत अन्य लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर दाउदपुर थाने की डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त कार का जायजा लिया, लेकिन घटनास्थल पर कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला। कार में कितने लोग सवार थे और दुर्घटना में किसी को कितनी चोटें आईं, इसकी भी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
क्षतिग्रस्त कार की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसमें सवार लोगों के जख्मी होने की आशंका जताई। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों और कार में सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अक्षय चौबे ने बताया कि घटना को लेकर अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

