सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रूप सज्जा प्रतियोगिता, शीतल कुमारी प्रथम
मांझी में नवरात्र पर सजी मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की झांकी, विजेता प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
सारण (बिहार): नवरात्र के अवसर पर शुक्रवार को मांझी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्य रमेश कुमार यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने देवी के विभिन्न स्वरूपों को धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडली ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में शीतल कुमारी ने प्रथम, पिंकी कुमारी ने द्वितीय तथा साक्षी कुमारी, अनुष्का कुमारी, अंशिका कुमारी और सौम्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमेश कुमार यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्व-त्योहारों के अवसर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देनी चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की आचार्या रागनी कुमारी, अनीषा कुमारी, गोल्डी कुमारी, रोशनी कुमारी, ब्यास पाण्डेय, अनु कुमारी और पुण्यदेव महतो सहित सभी आचार्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

