मां दुर्गा सबको सद्बुद्धि दें, देश में प्रेम और भाईचारा बना रहे : सिग्रीवाल
महाराजगंज सांसद ने मां कात्यायनी की पूजा के अवसर पर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा से महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र सहित सारण, बिहार और पूरे देश में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। जलालपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मां दुर्गा सभी को सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव कायम रहे।
सांसद ने कहा कि नवरात्र भारतीय संस्कृति, आस्था और शक्ति की उपासना का पावन पर्व है। मां दुर्गा की आराधना बुराइयों पर अच्छाई की जीत, सत्य के मार्ग पर चलने और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने मां कात्यायनी की पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां कात्यायनी शक्ति, साहस और धर्म की प्रतीक हैं।
सिग्रीवाल ने कहा कि देश की प्रगति के लिए सामाजिक एकता, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। राष्ट्र मजबूत और विकसित होगा, तभी नागरिक भी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के स्वस्थ और सुखी रहने तथा देश में आपसी सद्भाव और एकजुटता बनाए रखने की कामना की।

