रिश्ते हुए शर्मसार, छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप; 65 वर्षीय बड़े पापा गिरफ्तार
वीडियो सामने आने के बाद खुला मामला, एसडीपीओ ने घटनास्थल का लिया जायजा; एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची के साथ उसके रिश्ते के 65 वर्षीय बड़े पापा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 जून की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि बच्ची के रिश्ते के बड़े पापा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसका इलाज कराया था, लेकिन उस समय घटना की वास्तविकता सामने नहीं आ सकी।
वीडियो सामने आने के बाद हुआ मामले का खुलासा
बताया जा रहा है कि घटना से संबंधित एक वीडियो पीड़िता की मां के हाथ लगने के बाद मामले का खुलासा हुआ। वीडियो देखने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार ने पानापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मशरक के एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु ने पानापुर थाना और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की जांच के दौरान सोमवार को एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस वीडियो सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बच्ची का कराया जा रहा मेडिकल परीक्षण
पीड़ित बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए छपरा भेजा गया है। पानापुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

