न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर एलआईसी अभिकर्ता की मौत, दो पुत्रों के सिर से उठा पिता का साय
बलिया से लौटने के दौरान हुआ हादसा, दुर्गापूजा चंदा रसीद और कागजात से हुई मृतक की पहचान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-बलिया रेलखंड स्थित न्यू मांझी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी स्वर्गीय तपेश्वर राम के पुत्र निर्मल कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि निर्मल कुमार भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के अभिकर्ता थे। उनके दो पुत्र हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मांझी पुलिस न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। प्लेटफॉर्म पर शव होने की सूचना मांझी पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी। सूचना मिलने के बाद छपरा से आरपीएफ की पुलिस टीम भी रेलवे स्टेशन पहुंची।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, निर्मल कुमार रविवार की सुबह अपने घर से बलिया जाने के लिए निकले थे। बलिया से लौटने के दौरान न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान उनके पास मिले दुर्गापूजा के चंदे की रसीद और अन्य कागजात के आधार पर की गई। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

