मांझी के बलिया मोड़ पर लाखों की लागत से बन रहा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, पांच गांवों के युवाओं ने संभाली तैयारी की कमान
डीजे और आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध के पुलिस प्रशासन के आदेश का पूजा समिति ने किया स्वागत, श्रद्धालुओं से स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी नगर पंचायत स्थित बलिया मोड़ पर दुर्गापूजा को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। यहां पूजा समिति की ओर से लाखों रुपये की लागत से आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पांच गांवों के युवाओं के आपसी सहयोग से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है और विभिन्न गांवों से चंदा भी आना शुरू हो गया है।
पूजा समिति के सदस्यों ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। समिति के सदस्य डीजे और आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध के आदेश का पालन किए जाने से काफी खुश नजर आए। उन्होंने प्रशासन के इस निर्देश का स्वागत करते हुए कहा कि पूजा-अर्चना का उद्देश्य शांति और श्रद्धा का वातावरण बनाना है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि मांझी पुलिस प्रशासन के पास पूजा आयोजन के लाइसेंस के लिए आवेदन दे दिया गया है। पांच गांवों के युवाओं के आपसी सहयोग से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। उनका कहना है कि पूजा-अर्चना करने से मन को शांति मिलती है और धार्मिक आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं।
पूजा समिति की ओर से लोगों से स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग करने की अपील की गई है। समिति के सदस्यों ने कहा कि विभिन्न गांवों से चंदा आना शुरू हो गया है। जो भी श्रद्धालु अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहते हैं, वे पूजा समिति में चंदा जमा कर सकते हैं। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन में सहयोग करने की अपील की है।
इस मौके पर मांझी भाग-दो के पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज ने भी सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि उनकी जितनी भी सामर्थ्य होगी, उसके अनुसार वे पूजा समिति को चंदा देकर सहयोग करेंगे।
पूजा पंडाल के निर्माण और आयोजन की तैयारियों में स्थानीय युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। उक्त मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे।

