जन सुराज की मजबूत एंट्री से NDA में खींचतान, शिक्षकों के 7वें वेतनमान और युवाओं के रोजगार का मुद्दा मजबूती से उठा: कुमार सौरभ
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज, 15 अक्टूबर को प्रशांत किशोर करेंगे शिक्षक संवाद; 1,000 से अधिक शिक्षक मतदाताओं की बैठक की तैयारी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक कुमार सौरभ ने शनिवार को छपरा स्थित जन सुराज पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चुनावी तैयारियों और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज की मजबूत एंट्री से इस बार सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव चर्चा के केंद्र में आ गया है और NDA के भीतर खींचतान की स्थिति दिखाई दे रही है।
कुमार सौरभ ने कहा कि शनिवार को पार्टी की एक रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। चुनाव अपने चरम पर है और इस बार शिक्षक मतदाताओं के मुद्दों पर खुलकर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले विधान परिषद के चुनाव कब आते और कब समाप्त हो जाते थे, इसका पता भी नहीं चलता था, लेकिन जन सुराज की मजबूत एंट्री से इस बार चुनाव में नए मुद्दे उठे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ने पहली बार मजबूती से शिक्षकों को संगठित करने और उनके सातवें वेतनमान की मांग उठाई है। वित्त रहित और वित्तपोषित शिक्षकों के अधिकारों की बात के साथ ही शिक्षकों से शिक्षण कार्य के अतिरिक्त कोई दूसरा काम नहीं कराने के लिए नीति बनाने का मुद्दा भी सामने रखा गया है। इसके अलावा, जन सुराज के प्रत्याशियों की जीत वाले स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 10 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
सारण में आफाक अहमद जन सुराज के प्रत्याशी
कुमार सौरभ ने कहा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आफाक अहमद पहले से चुनावी मैदान में हैं और अब वे जन सुराज के प्रत्याशी हैं। NDA में आपसी खींचतान का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आनंद पुष्कर के पक्ष में JDU बात नहीं कर रही है, जबकि BJP के साथी निर्दलीय प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारा मुकाबला सीधे तौर पर आनंद पुष्कर और जयराम जी से है।"
उन्होंने बताया कि छपरा में एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 1,000 से अधिक शिक्षक मतदाता शामिल होंगे। 15 अक्टूबर की शाम को प्रशांत किशोर और शिक्षक प्रत्याशी के साथ शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षकों के सातवें वेतनमान की मांग को पूरा कराने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
आफाक अहमद पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी कुमार सौरभ ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आफाक अहमद के नाम के पेज पर शिक्षकों से जुड़े मुद्दों, अनुदान और नियोजित शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई को लेकर दिए गए बयान मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता लगातार शिक्षक मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं और सारण निर्वाचन क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें दावों और जमीनी स्थिति का आकलन करने का अवसर मिल रहा है।
कुमार सौरभ ने NDA के भीतर भी आपसी खींचतान दिखाई देने का दावा किया। उन्होंने कहा कि आफाक अहमद एक गरीब परिवार से आते हैं और उन्होंने शिक्षकों के मुद्दों को मुखरता से उठाया है। उन्होंने कहा कि अगले छह वर्षों तक शिक्षकों के हक की यह लड़ाई प्रशांत किशोर और जन सुराज के प्रत्याशी के साथ जारी रहेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला अध्यक्ष आनंद मोहन सिंह, महासचिव अशोक गुप्ता, चुनाव प्रभारी अशोक सिंह, अभय सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी बच्चा राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

