अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत एकमा स्टेशन का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, तय समय में काम पूरा करने का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह:अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे एकमा रेलवे स्टेशन के कार्यों का पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बुधवार को गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के विभिन्न निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने द्वितीय प्रवेश द्वार के ले-आउट का अवलोकन किया और आवश्यक सुझाव दिए। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया तथा प्लेटफॉर्म के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पे एंड यूज शौचालय की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय, प्रसाधन व्यवस्था, रेलवे सुरक्षा बल के ड्यूटी पोस्ट में प्रकाश व्यवस्था तथा स्टेशन अधीक्षक कक्ष में रखी विफलता पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की गई।
महाप्रबंधक ने बुकिंग कार्यालय-सह-आरक्षण केंद्र में उपलब्ध व्हीलचेयर और स्ट्रेचर तथा रिले रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन पुनर्विकास के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्टेशन के पुनर्विकास के साथ यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और स्टेशन परिसर के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आरएसपी नवीन कुमार झा, मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एकमा स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी।

