सहयोग शिविर में ऑन द स्पॉट हुआ जमीन का सुधार, जमाबंदी की त्रुटि ठीक होने से ग्रामीण खुश
सिवान (बिहार): आम लोगों की जमीन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर में राजस्व विभाग की ओर से आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित दस्तावेजों की जांच कर यथासंभव मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आवेदक राजेंद्र यादव ने जमाबंदी में नाम तथा खाता-खेसरा में हुई त्रुटि के सुधार के लिए आवेदन दिया। आवेदन प्राप्त होते ही अंचलाधिकारी उदयन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई।
जांच में जमाबंदी में हुई त्रुटि सुधार योग्य पाए जाने के बाद अंचल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑन द स्पॉट जमाबंदी में सुधार कर दिया। लंबे समय से जमीन संबंधी कागजात की त्रुटि को लेकर परेशान आवेदक को मौके पर ही समाधान मिलने से वह काफी खुश नजर आए।
राजेंद्र यादव ने अंचल प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पहले ऐसे छोटे-छोटे कामों के लिए कार्यालयों के महीनों चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सहयोग शिविर के माध्यम से उनका काम कुछ ही समय में हो गया।
अंचलाधिकारी उदयन सिंह ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनके क्षेत्र में ही राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी और कार्यालयों के चक्कर से राहत मिल सके। शिविर में अन्य कई आवेदकों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

