गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह
जनता से सीधा संवाद बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू, सरकारी एवं गैर-सरकारी सुविधाओं से वंचित लोगों की समस्याओं का होगा समाधान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह:मांझी विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक रणधीर कुमार सिंह ने गांव-गांव जाकर लोगों से मिलने का विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है। विधायक के इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
वर्तमान में लोगों की सहज मुलाकात के लिए विधायक शनिवार को दाउदपुर और रविवार को जलालपुर कार्यालय में उपलब्ध रहते हैं। इसके अलावा छपरा स्थित उनके आवास पर भी लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। इससे बड़ी संख्या में लोगों की शिकायतों के समाधान में सहूलियत मिल रही है।
जरूरतमंदों तक पहुंचने का लक्ष्य
विधायक रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याएं सुनने के साथ अब वे स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों की परेशानियों को जानेंगे और उनके समाधान का प्रयास करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद सरकारी अथवा गैर-सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि जनता से सीधे मिलकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में पहल करना उनकी प्राथमिकता है।
पिता प्रभुनाथ सिंह से मिली गांव-गांव जाने की प्रेरणा
विधायक ने कहा कि गांव-गांव जाकर लोगों से मिलने और उनके बीच रहने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता एवं पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह से मिली है। उन्होंने कहा कि उनके पिता से जुड़े हजारों लोग आज भी अभिभावक के रूप में उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर चंदन सिंह, विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, मांझी मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय, ओम प्रकाश सिंह तथा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष दयानंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

