मांझी के दो विद्यालयों में तीन शिक्षिकाओं को मिला ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान 2026’
शिक्षक दिवस पर बेहतर शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: शिक्षक दिवस के अवसर पर मांझी प्रखंड के दो विद्यालयों में उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाली तीन शिक्षिकाओं को ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। विद्यालय में वर्षभर बच्चों के बीच बेहतर शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कन्या प्राथमिक विद्यालय, गोबरही टोला की दो शिक्षिकाओं सीमा कुमारी एवं कुमारी सैयद आशना एजाज को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक बीके भारतीय ने दोनों शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य को बेहतर दिशा देना भी है।
इसी क्रम में मांझी प्रखंड के सृजित प्राथमिक विद्यालय, गढ़वा टोला में भी शिक्षिका मंजू कुमारी को विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक गजेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान 2026’ से नवाजा।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान शिक्षक बीके भारतीय ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन देश के दूसरे राष्ट्रपति होने के साथ एक महान शिक्षक भी थे। उनके जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाना शिक्षकों के महत्व को समझने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने के बावजूद डॉ. राधाकृष्णन ने स्वयं को एक शिक्षक के रूप में स्थापित किया। बच्चों को शिक्षा देने से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। शिक्षक ही बच्चों के भविष्य को आकार देकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके शैक्षणिक योगदान को आगे भी जारी रखने की शुभकामनाएं दी गईं।

