शिक्षक सम्मान से खिले चेहरे, मांझी में सैकड़ों शिक्षकों को किया गया सम्मानित
शिक्षक दिवस पर आयोजित समारोह में बी के भारतीय ने कहा—बच्चों की मुस्कान में छिपा है भारत का भविष्य
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शनिवार को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में मांझी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चंदउपुर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चंदउपुर गांव निवासी राकेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह एवं उनके परिवार की ओर से किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक सकल दीप सिंह ने किया, जबकि समारोह का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक ब्रजनन्दन सिंह उर्फ ललन सिंह ने किया। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और वक्ताओं ने शिक्षक दिवस के महत्व तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।
शिक्षकों के सम्मान को लेकर डीके भारतीय ने भरी हुंकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक बिनय कुमार भारतीय (बी के भारतीय) ने शिक्षकों के मान-सम्मान और उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा देने का काम नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य बच्चों की मुस्कान में छिपा है। प्रत्येक शिक्षक का कर्तव्य है कि बच्चों के चेहरे की यह मुस्कान बरकरार रहे और उन्हें बेहतर शिक्षा एवं संस्कार मिलें, ताकि वे बड़े होकर सफल और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण से ही देश की तरक्की संभव है और विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
हर वर्ष शिक्षकों और प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने का संकल्प
आयोजनकर्ता राकेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों के प्रयासों से ही यहां के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में अपने क्षेत्र के शिक्षकों को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से शिक्षक दिवस के अवसर पर यह आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष निरंतर आयोजित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को भी हर वर्ष सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गरीबी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए वे अपने स्तर से लगातार प्रयास करते रहेंगे।
कई शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान
समारोह के दौरान भजनेन्द्र सिंह, बिनय कुमार भारतीय, मिथिलेश यादव, उमेश यादव, सकल दीप सिंह, चन्द्रकांत सिंह, किरण पाठक, पुष्कल कुमारी, सूर्यकान्त दुबे, चन्दन कुमार, गजेंद्र कुमार सिंह और शबिब मियां सहित कई शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनके शैक्षणिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक अशोक कुमार सिंह, मनोज सिंह पत्रकार, भजनेन्द्र कुमार सिंह, किरण पाठक, गजेंद्र कुमार सिंह, शबिब मियां समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
गणमान्य लोगों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
समारोह में गांव एवं पंचायत के सैकड़ों गणमान्य लोगों और ग्रामीणों की मौजूदगी रही। इनमें सुनील कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष जदयू सारण, ममता सिंह, हरेन्द्र सिंह, विपिन सिंह, सुरेंद्र सिंह, राधाकांत सिंह और संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
शिक्षकों को सम्मान मिलने से समारोह में उत्साह का माहौल रहा। सम्मानित शिक्षकों ने आयोजनकर्ता राकेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन आयोजनकर्ता राकेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह ने किया।
#TeachersDay2026 #TeacherHonor #Chandupur #SaranNews #BiharNews #TeacherDay #Education #TeachersRespect #EducationNews #DevelopedIndia #DrSarvepalliRadhakrishnan #BiharEducation

