महम्दपुर पंचायत में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, गली-गली सड़क व नाला निर्माण जारी
वीबी-जी राम जी योजना के तहत दलित बस्ती में कराया जा रहा सड़क और नाला निर्माण, 7.50 लाख से अधिक की राशि खर्च
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की महम्दपुर पंचायत में इन दिनों विकास कार्यों में तेजी आई है। पंचायत के विभिन्न वार्डों में गली-गली सड़क और नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। विशेष रूप से दलित बस्ती में सड़क एवं नाला निर्माण का काम तेजी से कराया जा रहा है।
पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सतेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि केंद्र सरकार की विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन गारंटी (VB-G RAM G) के तहत पंचायत में पहली बार कार्य कराया जा रहा है। इसी योजना के तहत दलित बस्ती में सड़क और नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क एवं नाला निर्माण के लिए साढ़े सात लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन और जलनिकासी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व मुखिया प्रतिनिधि ने भी सराहा
मौके पर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अंसारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पंचायत में विभिन्न स्थानों पर विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं। उनके अनुसार मुखिया प्रतिनिधि के नेतृत्व में पंचायत में सड़क, नाला सहित अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
केंद्र सरकार के अनुसार VB-G RAM G अधिनियम 1 जुलाई 2026 से देशभर में लागू हुआ और इसी के साथ MGNREGA की जगह नया ग्रामीण रोजगार ढांचा प्रभावी हुआ। नए कानून में ग्रामीण परिवारों के लिए सालाना 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी का प्रावधान है।

