बेटियों ने मटकी फोड़कर दिखाया दम, हजारों लोग बने ऐतिहासिक आयोजन के गवाह
बिहार में पहली बार हुआ बेटियों का मटकी फोड़ कार्यक्रम, शक्ति प्रदर्शन ने बटोरीं तालियां
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा में आयोजित एक विशेष मटकी फोड़ कार्यक्रम में पहली बार बेटियों और युवतियों ने अपनी शक्ति, प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़ प्रतियोगिता में शामिल हुईं प्रतिभागियों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे और बेटियों के प्रदर्शन पर जमकर तालियां बजाईं।
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन आरएसएस के प्रांत प्रचारक रविशंकर जी, अतिरिक्त जिला जज निशांत कुमार प्रियदर्शी, शिवकुमार मांझी, सतनारायण शर्मा, विजय कुमार सिंह, श्वेतांक राय, पप्पू तथा कार्यक्रम संयोजक राहुल मेहता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मटकी फूटते ही तालियों से गूंज उठा परिसर
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बेटियों के शक्ति प्रदर्शन ने आयोजन को खास बना दिया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जैसे ही बेटियों ने मटकी फोड़ी, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौजूद लोगों ने प्रतिभागियों के उत्साह और साहस की जमकर सराहना की।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, कामेश्वर सिंह विद्वान, विधायक छोटी कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. सीएन गुप्ता, डॉ. जगजीत पांडेय, अमित कुमार, सीए संजीव चौबे, विक्की आनंद, कविता सिंह, धनंजय कुमार, झरीमन राय और दीपक सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महिला सशक्तीकरण का दिया संदेश
आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करना है। बेटियां किसी भी क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करने में सक्षम हैं। उन्हें अवसर और उचित मंच मिले तो वे हर चुनौती का सामना कर सकती हैं।
आयोजकों के अनुसार, बेटियों के मटकी फोड़ कार्यक्रम के माध्यम से समाज को महिला सशक्तीकरण और बेटियों के आत्मविश्वास का संदेश देने का प्रयास किया गया। हजारों लोगों की मौजूदगी में बेटियों का यह प्रदर्शन पूरे आयोजन का आकर्षण केंद्र बना रहा।

