बाढ़ पीड़ितों के बीच विधायक धूमल सिंह ने बांटी राहत सामग्री
इमादपुर बिनटोली में शिविर लगाकर सैकड़ों प्रभावित परिवारों को चावल, दाल, आटा समेत खाद्य सामग्री दी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के चेंफुल पंचायत अंतर्गत बाढ़ प्रभावित इमादपुर बिनटोली में सोमवार को एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने राहत शिविर लगाकर सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों के बीच राशन सामग्री वितरित की। स्थानीय विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राहत सामग्री प्राप्त की।
विधायक ने पीड़ित परिवारों के बीच चावल, दाल, आटा, आलू, प्याज और नमक समेत अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की परेशानी पर उनकी लगातार पैनी नजर है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों के बीच दोबारा अनाज अथवा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत के अनुसार राहत पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। राहत वितरण के दौरान जदयू नेता सुनील सिंह, जय प्रकाश महतो, संत सिंह, सुधाकर मिश्र, बिपिन सिंह, मिथिलेश यादव, जितेंद्र सिंह और मंटू सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

