मांझी में सोंधी नदी से अज्ञात युवक का शव बरामद
स्कूली बच्चों ने नदी में डूबते देखा, ग्रामीणों ने बाहर निकाला शव; पहचान में जुटी पुलिस
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के मरहा पंचायत अंतर्गत नटवर परशुराम गांव के समीप सोंधी नदी से सोमवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई और नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गई।
मरहा पंचायत के मुखिया मुन्ना साह ने बताया कि सोमवार दोपहर कुछ स्कूली बच्चे बांध के रास्ते स्कूल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में डूबते एक व्यक्ति पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के युवक मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कुछ ही देर में युवक के शव को नदी से बाहर निकाला और इसकी सूचना मांझी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
पहचान कराने का प्रयास जारी
मौके पर पहुंचे मुखिया और पुलिस ने नदी किनारे जुटे लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शव की पहचान कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

