ब्रह्मर्षि साहेब बाबा के जन्मोत्सव में शामिल होने सिसवन से संतों का जत्था रवाना
सिवान (बिहार): उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले स्थित बहुआर धाम में आयोजित होने वाले ब्रह्मर्षि साहेब बाबा के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर स्थित ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम से मंगलवार को सैकड़ों संत और श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ।
बताया गया कि बहुआर धाम में हर वर्ष ब्रह्मर्षि साहेब बाबा का भव्य जन्मोत्सव आयोजित किया जाता है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसी क्रम में सिसवन के सरयू तट स्थित ग्यासपुर साहेब बाबा धाम से भी संतों और श्रद्धालुओं का दल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुआ।
जत्थे में महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज, महंत ब्रजेश दास जी महाराज, महंत प्रेम दास जी महाराज, महंत बालक दास जी महाराज, आचार्य विनीत कुमार तिवारी और आचार्य विवेक कुमार तिवारी सहित सैकड़ों संत एवं श्रद्धालु शामिल रहे।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि ब्रह्मर्षि साहेब बाबा का जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, प्रेम और मानवता का संगम है। बाबा ने हमेशा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज के कल्याण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
जत्थे के रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाए और बहुआर धाम में आयोजित जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए प्रस्थान किया।

