सारण: तालाब में समा गया 25 वर्षीय आकाश, शव की तलाश में पसरा रहा मातम
चिरांद मोड़ के पास सड़क जाम कर आक्रोश जताने लगे ग्रामीण, सुबह एसडीआरएफ की टीम करेगी शव की तलाश:
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रसलपुरा गांव में परमहंस बाबा के मठिया के समीप स्थित तालाब में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम तक शव बरामद नहीं होने से गांव में मातम के साथ लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला है। मृतक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी राजू राय के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है।
युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल हो रहा है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की शाम करीब चार बजे आकाश स्नान करने के लिए तालाब में गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में तालाब के पास जुट गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक शव का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी परेशानी आने लगी। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद तालाब में शव की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।
शव बरामद नहीं होने और प्रशासनिक कार्रवाई में देरी होने से नाराज ग्रामीणों ने चिरांद मोड़ के पास छपरा- पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीण युवक के शव को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर सदर सीओ ख़ुशी कुमारी मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों से बातचीत के दौरान ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि रात में अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान चलाना मुश्किल है। सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में व्यापक स्तर पर शव की तलाश कराई जाएगी। सीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। मौके पर डोरीगंज थाने के थानाध्यक्ष राजशेखर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

