तिरंगा यात्रा में एस एस उच्च विद्यालय छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, 30 की हालत गंभीर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को सिवान जिले के एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, भगवानपुर हाट से निकली तिरंगा यात्रा के दौरान उमस भरी गर्मी और तेज धूप के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें करीब 30 छात्राओं की हालत गंभीर बताई गई। कई छात्राएं चक्कर आने के बाद बेहोश हो गईं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर हाट में भर्ती कराया गया। जिसमे दस छात्राओं ऑक्सीजन लेवल कम होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट भी देना पड़ा।तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर भगवानपुर हाट बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय तक गई। करीब एक किलोमीटर की यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए शामिल हुए। यात्रा समाप्त होने के बाद विद्यालय परिसर लौटते ही छात्राएं एक-एक कर चक्कर खाकर गिरने लगीं। इसके बाद विद्यालय से अस्पताल तक एंबुलेंस की आवाजाही शुरू हो गई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर अस्पताल को भी अलर्ट रखा गया। सूचना मिलने पर बीडीओ प्रियंका कुमारी और बीईओ राकेश कुमार सीएचसी पहुंचे और छात्राओं का हाल जाना। बीडीओ ने बताया कि उमस, तेज धूप और कई छात्राओं के बिना भोजन किए विद्यालय आने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिनका समुचित इलाज अस्पताल में कराया गया।घटना के बाद विद्यालय और अस्पताल परिसर में अभिभावकों की भीड़ जुट गई। अभिभावकों ने तेज धूप और उमस के बीच बच्चों को यात्रा में शामिल किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। प्रधानाध्यापक लाल बाबू कुमार के अस्पताल में नहीं मिलने को लेकर भी कुछ अभिभावकों ने नाराजगी जताई।अस्पताल में इलाज के लिए लाई गई छात्राओं में रौशनी कुमारी, निकहत प्रवीण,इसरत, अंशु कुमारी,शालू कुमारी, रीना कुमारी,गुड़िया कुमारी, शिल्पी कुमारी,आँसू कुमारी,सुरभि कुमारी और सोभा कुमारी का रजिस्ट्रेशन हुआ है। जबकि 20 से अधिक छात्राओं का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया है।सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, डॉ. कुमार प्रमोद, डॉ. संतोष सिंह, डॉ . राजीव पंडित,डॉ. प्रज्ञा मेघा,एएनएम उषा कुमारी, मीनू कुमारी तथा स्वास्थ्यकर्मी उपेंद्र सिंह ने तत्परता से छात्राओं का इलाज किया। वहीं प्रखंड प्रमुख हरेंद्र पासवान,पूर्व मुखिया मनोज साहनी, समाजसेवी ललितमोहन सिंह उर्फ रिंकू सिंह सहित अन्य लोगों ने छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने और व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। एसआई दुर्गा प्रसाद यादव भी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए रहे।

