सिपाही मधुप कुमार हत्याकांड में बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी नवलखा यादव समेत तीन गिरफ्तार, हथियार बरामद
सिवान (बिहार): सिवान पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएसएपी-2 डेहरी के जवान मधुप कुमार हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त शत्रुधन कुमार यादव उर्फ नवलखा यादव समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, छह कारतूस, एक स्कॉर्पियो वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और मुफ्फसिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड का आरोपी नवलखा यादव बिना नंबर प्लेट लगी सफेद स्कॉर्पियो से सिवान की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर छोटपुर बाईपास के पास वाहन जांच अभियान चलाकर पुलिस ने स्कॉर्पियो को घेरकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शत्रुधन कुमार यादव उर्फ नवलखा यादव (इमनौली, मैरवा), सुशील कुमार यादव उर्फ भीम (लक्ष्मीपुर आंदर ढाला, नगर थाना) और सोनू कुमार यादव उर्फ शक्ति यादव (कबीरपुर, मैरवा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-414/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मधुप कुमार हत्याकांड में अब तक चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी नवलखा यादव के विरुद्ध शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य आपराधिक मामलों के 11 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
सिवान पुलिस, मधुप कुमार हत्याकांड, नवलखा यादव गिरफ्तार, शत्रुधन यादव, अवैध हथियार बरामद, STF सिवान, मुफ्फसिल थाना, बिहार पुलिस, स्कॉर्पियो जब्त, आर्म्स एक्ट

