सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम, अवैध कट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के मकेर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर विशुनटोला बांध के समीप छापेमारी कर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को सूचना मिली थी कि बाढ़ीचक एवं डिही सिरोमन स्थित बांध के आसपास कुछ युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन कुमार सहनी (ग्राम-डिही सिरोमन) एवं नितीश कुमार (ग्राम-बाढ़ीचक) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में नितीश कुमार ने बताया कि बरामद कट्टा अमन कुमार सहनी का है, जिसे उसने रखने के लिए दिया था। हथियार के संबंध में अमन कुमार सहनी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इस मामले में मकेर थाना कांड संख्या-233/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1-बी)ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
सारण पुलिस, मकेर थाना, अवैध हथियार बरामद, देशी कट्टा, दो गिरफ्तार, सारण क्राइम न्यूज, छपरा पुलिस, बिहार अपराध समाचार

