सारण के तत्कालीन डीपीओ अजीत अमर पर EOU का शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति मामले में 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अजीत अमर हरिजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शुक्रवार को EOU की अलग-अलग टीमों ने सारण, सिवान और सहरसा स्थित उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग सहित प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। छापेमारी सारण जिला मुख्यालय के गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास, सिवान जिले के रानीबारी गांव स्थित पैतृक घर, सहरसा स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय तथा उनके निजी आवास पर की जा रही है।
करीब एक माह पूर्व डीपीओ अजीत अमर हरिजन के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच के लिए गठित विशेष समिति ने अपनी रिपोर्ट सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को सौंपी थी। जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने के संकेत मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
जांच रिपोर्ट के अनुसार सारण में 32 माह के कार्यकाल के दौरान अजीत अमर को वेतन के रूप में कुल 27,43,040 रुपये प्राप्त हुए, जबकि इसी अवधि में उनके और उनकी पत्नी के विभिन्न बैंक खातों में 2,51,06,562 रुपये का लेन-देन दर्ज किया गया। यह राशि उनके वैध वेतन से लगभग नौ गुना अधिक बताई गई है। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर EOU ने विस्तृत जांच शुरू की है।
आर्थिक अपराध इकाई की टीम बैंक खातों, भूमि संबंधी दस्तावेजों, निवेश और अन्य चल-अचल संपत्तियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सारण डीपीओ अजीत अमर, EOU छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति, आर्थिक अपराध इकाई, शिक्षा विभाग भ्रष्टाचार, सारण समाचार, बिहार न्यूज, अजीत अमर हरिजन

