प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक-2026 का हुआ विरोध, जगदम कॉलेज के शिक्षकों का जोरदार धरना-प्रदर्शन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम/उच्च शिक्षा विधेयक-2026 के विरोध में शुक्रवार को जगदम महाविद्यालय शिक्षक संघ, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के बैनर तले महाविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लेकर प्रस्तावित विधेयक के विभिन्न प्रावधानों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर "शिक्षक एकता ज़िंदाबाद" सहित कई नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की शैक्षणिक स्वायत्तता, शिक्षक सम्मान तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि उच्च शिक्षा से जुड़े किसी भी नए कानून या व्यवस्था को लागू करने से पहले शिक्षकों, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों से व्यापक संवाद किया जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदम कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. राजमोहन शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक के कई प्रावधान उच्च शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के हितों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए शिक्षक समुदाय लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने "शिक्षक सम्मानित – महाविद्यालय/विश्वविद्यालय सशक्त – शिक्षा का भविष्य सुरक्षित" का संदेश देते हुए उच्च शिक्षा के हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में शिक्षक एकता, संगठनात्मक प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक विरोध की प्रभावशाली झलक देखने को मिली।
Jagdam College Chhapra, Higher Education Bill 2026, Bihar University Act 2026, JP University, Jagdam College Teachers Protest, Bihar Education News, Chhapra News

