बेगूसराय में 4 हजार रुपये रिश्वत लेते अंचल कार्यालय का लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
बेगूसराय (बिहार): भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) को बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बेगूसराय सदर अंचल कार्यालय में कार्यरत निम्नवर्गीय लिपिक-सह-नाजिर सोनू कुमार को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को निगरानी थाना कांड संख्या-094/26 के तहत अंचल कार्यालय स्थित उसके कार्यालय कक्ष में की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, बेगूसराय जिले के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी दौलती देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री की अप्राकृतिक मृत्यु के बाद सरकार से मिलने वाली मुआवजा राशि की निकासी के एवज में आरोपी लिपिक द्वारा 4 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सत्यापन के बाद निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू कुमार को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
बेगूसराय रिश्वतखोरी, निगरानी ब्यूरो कार्रवाई, सोनू कुमार गिरफ्तार, अंचल कार्यालय बेगूसराय, बिहार भ्रष्टाचार, Vigilance Bureau Bihar, Begusarai Bribery News, Bihar Vigilance Raid
#Begusarai #BiharNews #VigilanceBureau #Bribery #Corruption #ZeroTolerance #भ्रष्टाचार #बेगूसराय #बिहार #BreakingNews #JagatDarshanNews

