टीबी मुक्त भारत अभियान में पूर्णिया की बड़ी उपलब्धि, एक माह में 3.03 लाख लोगों की स्क्रीनिंग
पूर्णिया, 04 अगस्त 2026
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पूर्णिया जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्क्रीनिंग अभियान के दौरान 2 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के बीच 3 लाख 3 हजार 668 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। जिला प्रशासन के अनुसार यह निर्धारित लक्ष्य का 216 प्रतिशत है। अभियान के दौरान चिन्हित मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर स्वस्थ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया के निर्देश पर जिले में टीबी स्क्रीनिंग अभियान को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। अभियान में सीएचओ, एएनएम, एसटीएस, एसटीएलएस, बीएचएम, बीसीएम तथा जिला स्वास्थ्य समिति की पूरी टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दौरान 11,073 एक्स-रे जांच, 6,762 नाट (NAT) जांच, 544 अन्य बीमारी से जुड़े टीबी परीक्षण तथा 1,460 टीबीटी जांच कराई गई। जांच में टीबी से संक्रमित पाए गए मरीजों को तत्काल दवा एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. तनवीर हैदर स्वयं अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मी प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रहे हैं और मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध करा रहे हैं। गंभीर मरीजों के पोषण को ध्यान में रखते हुए निक्षय मित्र योजना के तहत जुलाई माह में 501 फूड बास्केट भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि टीबी मरीजों को समय पर जांच, उपचार, पोषण सहायता और नियमित फॉलो-अप उपलब्ध कराकर पूर्णिया जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
टीबी मुक्त भारत अभियान, पूर्णिया टीबी स्क्रीनिंग, टीबी जांच, निक्षय मित्र, फूड बास्केट, अंशुल कुमार, डॉ प्रमोद कुमार कनौजिया, बिहार स्वास्थ्य समाचार, टीबी मुक्त पूर्णिया

