जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज में विशेश्वर सेमिनरी का दबदबा, अब राज्य स्तर पर करेगा सारण का प्रतिनिधित्व
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्कूल, छपरा के सभागार में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में एचआईवी/एड्स, यौन स्वास्थ्य एवं सुरक्षित रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों से चयनित 120 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लिखित एवं मौखिक चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद विशेश्वर सेमिनरी स्कूल के प्रकाश कुमार एवं रविकांत कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीएनपीजी उच्च विद्यालय, बेनाउत की अन्नू कुमारी एवं रुखसार खातून द्वितीय तथा जिला स्कूल की श्रेया कुमारी एवं सुप्रिया कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी 120 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं जिला स्कूल के प्राचार्य मनीष कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला आईसीटीसी (ICTC) पर्यवेक्षक अभय दास ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विशेश्वर सेमिनरी की टीम इसी माह पटना में आयोजित राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में सारण जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के रिसोर्स पर्सन राकेश कुमार एवं शिवम कुमार ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाते हुए एचआईवी संक्रमण, बचाव के उपाय तथा स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय परामर्शी उर्मिला कुमारी, शिक्षक प्रभु जी, यशपाल जी, नीलू जी तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मनिंद्र जी, प्रवीर सिन्हा, सूरज और विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेड रिबन क्विज 2026, सारण रेड रिबन क्विज, विशेश्वर सेमिनरी, HIV AIDS जागरूकता, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, छपरा समाचार, जिला स्कूल छपरा

