पटना हाईकोर्ट के जज बनने के बाद पैतृक गांव पहुंचे आलोक कुमार, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे आलोक कुमार का ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। पानापुर प्रखंड की कोंध पंचायत स्थित रामपुररूद्र गांव में उनके पहुंचते ही जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ अपने गांव के लाल का जोरदार नागरिक अभिनंदन किया।
गांव की सीमा में प्रवेश करते ही युवाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों ने न्यायाधीश आलोक कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। पैतृक गांव पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले स्थानीय प्रसिद्ध ठाकुरबाड़ी मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने गांव के बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उनके चचेरे भाई सह पूर्व मुखिया एवं पैक्स अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह उर्फ शंभू सिंह के संयोजन में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रामपुररूद्र के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए।
गांव की मिट्टी और लोगों के आशीर्वाद को बताया सफलता का आधार
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायाधीश आलोक कुमार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी से उनका गहरा और आत्मीय जुड़ाव है। लंबे समय बाद अपनों के बीच लौटने पर जिस तरह का स्नेह और सम्मान मिला, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के संस्कार, गुरुजनों के मार्गदर्शन और गांव के लोगों के आशीर्वाद को दिया।
उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, ईमानदारी और निरंतर प्रयास के बल पर जीवन में किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि को ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
सरकारी स्कूल से हाईकोर्ट तक का प्रेरणादायक सफर
न्यायाधीश आलोक कुमार प्रतिष्ठित प्रशासनिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आते हैं। उनके दादाजी स्वर्गीय रामेश्वर सिंह प्रशासनिक पदाधिकारी रहे थे, जबकि उनके पिता शत्रुंजय सिंह भूमि विकास बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत रहे। आलोक कुमार की प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही आदर्श मध्य विद्यालय, रामपुररूद्र से हुई।
गांव के सरकारी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद तक पहुंचना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि मानी जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि आलोक कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से रामपुररूद्र, पानापुर और सारण का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को शिक्षा और मेहनत के प्रति प्रेरित करेगी।
अभिनंदन समारोह में राज्य महोत्सव संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह, राहुल सिंह, तरैया प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह बिकु, अश्विनी कुमार सिंह, प्रभात सिंह, अखिलेश शर्मा, शैलेश सिंह, कृष्ण बिहारी ओझा, वेदप्रकाश तिवारी और ओमप्रकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
पटना हाईकोर्ट जज आलोक कुमार, आलोक कुमार का स्वागत, रामपुररूद्र गांव, पानापुर सारण, पटना हाईकोर्ट न्यायाधीश, आलोक कुमार अभिनंदन समारोह, सारण की खबर, पानापुर न्यूज

