नशे के खिलाफ युवाओं का हुंकार, 100 दिवसीय युवा जागरण पदयात्रा का शुभारंभ
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने, उनमें सकारात्मक चेतना का संचार करने और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, गोटेगांव से 100 दिवसीय युवा जागरण पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में शुरू हुए इस अभियान में विद्यालय-महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवा खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
पदयात्रा के प्रथम दिन युवाओं ने करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय की और ब्रह्मकुंड घाट, नर्मदा तट पहुंचकर यात्रा का समापन किया। बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हजारों छात्र-छात्राओं और युवा साथियों ने नशा मुक्ति के नारे लगाते हुए नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा स्वस्थ, सकारात्मक और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस अभियान में सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोटेगांव, ठाकुर निरंजन सिंह महाविद्यालय गोटेगांव, संदीपनी विद्यालय गोटेगांव, इंदिरा कन्या शाला गोटेगांव और रानी अवंती बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोटेगांव के छात्र-छात्राओं के साथ सहयोग क्रीड़ा मंडल के युवा खिलाड़ियों तथा क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने सहभागिता की।
आयोजकों ने कहा कि यह पदयात्रा महज पैदल चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा चेतना, नशा मुक्ति और सामाजिक जागरण का व्यापक जन-अभियान है। 100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं एवं नागरिकों को नशा मुक्ति के संकल्प से जोड़ना और प्रत्येक गांव एवं क्षेत्र में सकारात्मक युवा चेतना का वातावरण तैयार करना है।
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की ओर से दिए गए संदेश में कहा गया कि समाज के बेहतर भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे तो परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जागृत युवा ही जागृत परिवार और सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकता है।
आयोजन समिति ने कहा कि प्रथम दिवस बारिश के बीच हजारों युवाओं का कदम से कदम मिलाकर चलना इस बात का प्रमाण है कि गोटेगांव की युवा शक्ति नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है। समिति ने क्षेत्र के नागरिकों से अभियान से जुड़ने और अपने-अपने गांवों में युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर आशियाना संस्कार समिति की ओर से पदयात्रियों को जागरण कैप वितरित किए गए। साथ ही समिति द्वारा बायो टॉयलेट भेंट कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने अभियान को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
गोटेगांव युवा जागरण पदयात्रा, नशा मुक्ति अभियान, 100 दिवसीय पदयात्रा, प्रहलाद सिंह पटेल, युवा जागरण, नशा विरोधी अभियान, गोटेगांव न्यूज, नर्मदा तट पदयात्रा

