परसा उत्तरी पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा शिकायत पत्र
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत परसा उत्तरी पंचायत के ग्रामीणों ने पंचायत में व्याप्त विभिन्न समस्याओं और कथित विकास कार्यों में अनियमितता को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सामूहिक शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने पंचायत के कई वार्डों में जलजमाव, गंदगी, जर्जर सड़क, नाली, शौचालय एवं आवास योजनाओं में गड़बड़ी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के वार्ड संख्या 5, 6, 7, 12 एवं 13 में विकास कार्यों की स्थिति अत्यंत खराब है। कई स्थानों पर लंबे समय से जलजमाव बना हुआ है, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। वहीं सड़कें जर्जर हैं, नालियों की सफाई नहीं हो रही है और कई स्थानों पर कूड़े-कचरे का अंबार लगा हुआ है।
शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पंचायत में नियमित रूप से ग्राम सभा और विकास दिवस का आयोजन नहीं किया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर उनकी वास्तविक स्थिति संतोषजनक नहीं है।
ग्रामीणों ने बीडीओ से मांग की है कि पंचायत में कराए गए सभी विकास कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, नाली एवं सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायत पत्र के साथ ग्रामीणों ने स्थल के फोटो, समस्याओं की सूची तथा दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए हैं।
इस संबंध में ग्रामीण मनोज कुमार शर्मा सहित अन्य लोगों ने कहा कि यदि शीघ्र जांच कर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
परसा उत्तरी पंचायत, एकमा समाचार, सारण पंचायत, ग्रामीणों का विरोध, बीडीओ को शिकायत, जलजमाव, सड़क, नाली, आवास योजना, बिहार पंचायत समाचार

