जिला पदाधिकारी ने इसुआपुर के कटाव प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, पक्कीकरण का दिया निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को इसुआपुर प्रखंड की घटरा-पुरसौली पंचायत स्थित कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कटाव की वर्तमान स्थिति, संभावित जोखिम तथा बचाव एवं निरोधात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
अधिकारियों ने जिला पदाधिकारी को बताया कि उक्त क्षेत्र में गेहुआ नदी की धारा प्रवाहित होती है तथा अतिरिक्त जल निकासी की व्यवस्था ह्यूम पाइप के माध्यम से की गई है। स्थिति का अवलोकन करने के बाद जिला पदाधिकारी ने पूरे कटाव प्रभावित स्ट्रेच का पक्कीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नहर के किनारे उगी झाड़ियों एवं अवरोधों को हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव रोकने एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी एवं अभियंता भी उपस्थित रहे।
सारण समाचार, इसुआपुर कटाव, घटरा पुरसौली पंचायत, वैभव श्रीवास्तव, जिला पदाधिकारी सारण, गेहुआ नदी कटाव, कटाव निरीक्षण, सारण प्रशासन
#Saran #Chhapra #Isuapur #Erosion #Flood #VaibhavSrivastava #BiharNews #JagatDarshanNews

