महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में चलंत पशु चिकित्सालय खोलने की मांग, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह "सिग्रीवाल" ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक चलंत पशु चिकित्सालय (Mobile Veterinary Unit-MVU) स्थापित करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक अनुरोध पत्र भी सौंपा।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा कृषि एवं पशुपालन पर आधारित है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक विभिन्न प्रकार के पशुओं का पालन करते हैं। ऐसे में पशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक प्रखंड में चलंत पशु चिकित्सालय की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि इस विषय को पहले भी लोकसभा में नियम-377 के तहत उठाया गया था, जिसके बाद केंद्रीय मंत्रालय ने 20 फरवरी 2025 को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई थी। अब उन्होंने पुनः केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि बिहार सरकार को आवश्यक निर्देश जारी कर महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के सभी प्रखंडों में मोबाइल वेटरिनरी यूनिट उपलब्ध कराई जाए।
सांसद सिग्रीवाल ने विशेष रूप से सारण जिले के तरैया, पानापुर, इसुआपुर, मशरक, बनियापुर, जलालपुर, मांझी, एकमा और लहलादपुर (जनता बाजार) तथा सिवान जिले के भगवानपुर हाट, लकड़ीनबीगंज, बसंतपुर, गोरियाकोठी और महाराजगंज प्रखंडों में एक-एक चलंत पशु चिकित्सालय की स्थापना की मांग की है। उनका कहना है कि इससे किसानों और पशुपालकों को अपने पशुओं के इलाज एवं देखभाल की सुविधा समय पर और उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी।
जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, चलंत पशु चिकित्सालय, MVU, महाराजगंज लोकसभा, ललन सिंह, पशुपालन, सारण समाचार, सिवान समाचार, किसान समाचार, बिहार न्यूज

