छपरा में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रतिज्ञा कार्यक्रम, राजयोग मेडिटेशन से सशक्त जीवन का संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत छपरा में विशेष जनजागरूकता एवं नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका परम आदरणीय राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित रहा। स्थानीय सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका ब्रह्मकुमारी अनामिका दीदी ने बताया कि संस्था अब तक देशभर में 30 हजार से अधिक नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। इन अभियानों के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया है, जबकि 3 करोड़ से अधिक लोग राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा से जुड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का लक्ष्य 10 करोड़ नागरिकों को नशामुक्ति प्रतिज्ञा से जोड़कर एक सशक्त सामाजिक जनआंदोलन खड़ा करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके प्रियांशु बहन ने कहा कि नशे की स्थायी रोकथाम केवल दवाइयों या बाहरी नियंत्रण से संभव नहीं है। तनाव, अकेलापन, निराशा और जीवन में उद्देश्य की कमी व्यक्ति को नशे की ओर धकेलती है। उन्होंने बताया कि राजयोग मेडिटेशन आत्मबल, आत्मसम्मान, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन को मजबूत बनाता है, जिससे व्यक्ति स्वयं नशामुक्त और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित होता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई। साथ ही बताया गया कि अभियान को गति देने के लिए देशभर में 36 विशेष जनजागरूकता वाहन लगातार भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
छपरा नशा मुक्त भारत अभियान, ब्रह्माकुमारीज़ छपरा, राजयोग मेडिटेशन, दादी प्रकाशमणि पुण्यतिथि, नशामुक्ति प्रतिज्ञा, मिशन स्पंदन, बिहार समाचार

