महम्मदपुर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 200 से अधिक मरीजों की हुई आंखों की जांच
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश कुमार सिंह: मांझी प्रखंड के महम्मदपुर गांव में बुधवार को जीवन ज्योति सेवा संस्थान के सौजन्य और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक पुरुष एवं महिला मरीजों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई। शिविर का उद्घाटन संस्था के पदाधिकारियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल से पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से मरीजों का विजन टेस्ट किया। इसके साथ ही मोतियाबिंद, काला मोतिया समेत आंखों से संबंधित अन्य बीमारियों की भी बारीकी से जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा आंखों की देखभाल, खान-पान और नियमित जांच से संबंधित महत्वपूर्ण परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान ऐसे मरीजों को आगे के इलाज एवं ऑपरेशन की आवश्यकता के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बेहतर उपचार की सलाह दी गई। आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर आंखों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
शिविर को सफल बनाने में जीवन ज्योति सेवा संस्थान के संस्थापक अविनाश कुमार उपाध्याय, विजय चौधरी (एलआईसी एजेंट) और सोनू साह की प्रमुख भूमिका रही। वहीं संस्थान के सदस्य ओमप्रकाश पंडित, रविशंकर साह, रघुनन्दन साहनी, सुभाष साहनी, सुधीर साहनी और अभिषेक साहनी ने पंजीकरण, व्यवस्था प्रबंधन एवं मरीजों की सहायता में सक्रिय सहयोग किया।
इस अवसर पर आलोक उपाध्याय, जितेंद्र उपाध्याय, भिखारी गिरी और संजय उपाध्याय सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाने और आंखों से जुड़ी समस्याओं का समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मांझी नेत्र जांच शिविर, महम्मदपुर मुफ्त आंख जांच, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, जीवन ज्योति सेवा संस्थान, निःशुल्क नेत्र शिविर, मोतियाबिंद जांच, काला मोतिया जांच, सारण स्वास्थ्य समाचार

