गुरुकुल ओलंपियाड में मेधावी छात्रों का सम्मान, आयुष और सागर ने हासिल किया प्रथम स्थान
सिवान (बिहार): गुरुकुल विद्यालय में आयोजित गुरुकुल ओलंपियाड-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षाओं के आधार पर दो समूहों में विभाजित किया गया था। समूह-ए में कक्षा पांच से आठ तथा समूह-बी में कक्षा एक से चार तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया था। समूह-ए में आयुष कुमार ने प्रथम, यामिनी कुमारी ने द्वितीय तथा आशा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं समूह-बी में सागर कुमार प्रथम, अनुराग कुमार द्वितीय एवं अभिनव कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
इसी क्रम में शिव वाटिका समूह में यूकेजी के विद्यार्थियों के बीच भी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सौरभ कुमार ने प्रथम, उत्तम कुमार ने द्वितीय तथा अभिनंदन राजा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सफल विद्यार्थियों को विद्यालय के निदेशक अश्विनी कुमार ने सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षक सुनील यादव, अक्षय लाल सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

