गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने किया समर्पण, पांच परिवर्तन के संकल्प से राष्ट्र निर्माण का आह्वान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: कटरा बाजार स्थित बाबा मनोकामना नाथ मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दर्जनों स्वयंसेवकों एवं गणमान्य लोगों ने भगवा ध्वज को गुरु मानकर नमन किया और राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण एवं संकल्प को दृढ़ किया। कार्यक्रम में बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए सत्य प्रकाश जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के बाद आगामी 25 वर्षों के लिए समाज एवं राष्ट्र के सामने रखे गए पांच परिवर्तन के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान रंजीत जी द्वारा प्रार्थना एवं ध्वज गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्था अरुण पुरोहित, धर्म प्रचारक एवं सचिन उपाध्याय ने संभाली। अपने संबोधन में अरुण पुरोहित ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सावन मास में गुरु पूर्णिमा से 15 दिनों तक गुरु उत्सव मनाया जाता है। इस दौरान स्वयंसेवक राष्ट्र के प्रति अपना समर्पण और संकल्प व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि संघ भगवा ध्वज को गुरु मानकर समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य करता है।
उन्होंने आगामी 25 वर्षों के लिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले पांच प्रमुख परिवर्तन—सामाजिक समरसता, पर्यावरण संतुलन, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य—को अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि इन पांच परिवर्तनों के माध्यम से समाज में एकता, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, आत्मबोध और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
अरुण पुरोहित ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को जानने और समझने के लिए संघ की शाखा में जाना आवश्यक है। शाखा के माध्यम से चरित्र निर्माण से लेकर राष्ट्रभक्ति और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित की जाती है। उन्होंने कहा कि भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना संघ का लक्ष्य है और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य एसडीएस कॉलेज अरुण कुमार सिंह, राजेंद्र कॉलेज के प्रोफेसर श्याम शरण, पूर्व वार्ड पार्षद उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष डाक कर्मचारी संघ राजेश्वर कुंवर, एसबीआई के रामावतार चौधरी, ग्रामीण बैंक के अशोक दुबे, सामाजिक कार्यकर्ता उदय श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, दिलीप पोद्दार सहित दर्जनों प्रमुख लोगों ने भाग लिया। सभी ने भगवा ध्वज को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करने का संकल्प लिया।
गुरु दक्षिणा कार्यक्रम छपरा, RSS गुरु दक्षिणा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ छपरा, बाबा मनोकामना नाथ मंदिर, पांच परिवर्तन, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य

