सारण: शिव शक्ति धाम मंदिर में स्थापित होंगी पांच अन्य मूर्तियां, निर्माण कार्य तेज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के गोबरही पंचायत स्थित गोबरही टोला में निर्माणाधीन शिव शक्ति धाम मंदिर को भव्य स्वरूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है। मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर के साथ पांच अन्य मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। मंदिर निर्माण से जुड़े अजय सिंह ने पत्रकारों को बताया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और रविवार को मंदिर की छत की ढलाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। ढलाई कार्य में एक सौ से अधिक मजदूर लगाए गए हैं। निर्माण कार्य को बेहतर तरीके से पूरा कराने के लिए महाराष्ट्र से विशेष मिस्त्री बुलाए गए हैं, जबकि इंजीनियर की देखरेख में निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इस अवसर पर सीवान जिले से पहुंचे देवा कांत तिवारी ने कहा कि शिव शक्ति धाम मंदिर बेहद साफ-सुथरा और आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर में विधिवत आचार्य के माध्यम से पूजा-अर्चना भी कराई गई है। मंदिर की छत की ढलाई देखने पहुंचे दूर-दराज के लोगों ने निर्माण कार्य की सराहना की।
देवा कांत तिवारी ने मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोबरही टोला में मंदिर निर्माण के माध्यम से गांव को एक अलग पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने अजय सिंह के अग्रज विजय सिंह की भी सराहना की, जिन्होंने अपने स्तर के साथ-साथ ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर निर्माण की पहल को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।
मंदिर निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र बन सकता है। मौके पर सोनू सिंह, अरुण कुमार सिंह, भूषण प्रसाद, रिंकु सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
गोबरही शिव शक्ति धाम मंदिर, मांझी मंदिर निर्माण, गोबरही टोला मंदिर, शिव शक्ति धाम, सारण धार्मिक स्थल, मंदिर की छत ढलाई, गोबरही पंचायत

