बिहार में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग, एबीपीएसएस अध्यक्ष ने विधायक रणधीर सिंह से मांगा सहयोग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के दाउदपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश एबीपीएसएस के अध्यक्ष अजय प्रताप नारायण सिंह ने रविवार को बिहार में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को लेकर जदयू विधायक रणधीर सिंह से मुलाकात की। विधायक एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने दाउदपुर पहुंचे थे। इसी दौरान पत्रकार सुरक्षा कानून के मुद्दे पर दोनों के बीच चर्चा हुई।
अजय प्रताप नारायण सिंह ने विधायक से बिहार में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून लागू कराने के आंदोलन में संगठन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय कई तरह की चुनौतियों और दबावों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता है।
उन्होंने विधायक रणधीर सिंह से इस महत्वपूर्ण मुद्दे को बिहार विधानसभा के पटल पर उठाने की मांग भी की, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े विषय पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को मजबूती मिलेगी।
मौके पर एबीपीएसएस के बिहार प्रदेश संयोजक मनोज कुमार सिंह के अलावा पत्रकार बीरेश सिंह, संजय सिंह, अशफाक अंसारी, विजय कुमार राव, अजय सिंह, अजय प्रताप नारायण, तारकेश्वर प्रसाद एवं संजीव शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बिहार पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग, ABPSS बिहार, अजय प्रताप नारायण सिंह, रणधीर सिंह विधायक, मांझी दाउदपुर, पत्रकार सुरक्षा आंदोलन

