बिहार में तस्करों का अनोखा पैंतरा! घोड़े पर शराब लादकर ले जा रहा था तस्कर, पुलिस ने दबोचा
✍️संवाददाता वीरेश सिंह:
पूर्वी चंपारण (बिहार): बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी का ऐसा ही अनोखा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने घोड़े पर विदेशी शराब लादकर ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घोड़े के साथ करीब 52.56 लीटर विदेशी शराब भी बरामद की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घोड़े पर विदेशी शराब लादकर तस्करी के लिए ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लउकाहां गांव के समीप घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति घोड़े पर सवार होकर आता दिखाई दिया।
पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गया और घोड़े को मौके पर छोड़कर पास के गहरे पानी में कूद गया।
घोड़े पर लदी मिली 52.56 लीटर विदेशी शराब
पुलिस ने मौके पर घोड़े को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान घोड़े पर लदी अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, कुल 52.56 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने पानी में छिपे आरोपी की तलाश शुरू की। काफी देर तक पुलिस ने इलाके में निगरानी बनाए रखी। सुबह होने पर पानी की सतह पर आरोपी के सिर के बाल दिखाई देने के बाद जवानों ने उसे पकड़कर पानी से बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
पश्चिमी चंपारण का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार, पिता विक्रम यादव, निवासी तेलुआ ब्रम टोला, थाना नौतन, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई है। पुलिस टीम में एएसआई राजू कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
दियारा क्षेत्रों में घोड़े से शराब तस्करी का पुराना मामला
पुलिस के अनुसार, बिहार के दियारा और सीमावर्ती इलाकों में शराब तस्करी के लिए घोड़ों के इस्तेमाल का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2025 में बेतिया के नौतन थाना क्षेत्र के गंडक दियारा इलाके में भी घोड़े पर लदी विदेशी शराब बरामद की गई थी। उस समय तस्कर मौके से फरार हो गए थे।
निगरानी से बचने के लिए बदला तरीका
सड़कों पर लगातार वाहन जांच और दियारा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ने के बाद तस्कर ऐसे रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जहां वाहन पहुंचना मुश्किल होता है। इसी क्रम में घोड़े जैसे साधन का इस्तेमाल तस्करी के लिए किए जाने की बात सामने आ रही है।
पहाड़पुर पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी के इस अनोखे तरीके का खुलासा हुआ है। अब पुलिस की नजर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित तस्करों पर है।
बिहार शराब तस्करी, पूर्वी चंपारण शराब तस्करी, पहाड़पुर थाना, घोड़े से शराब तस्करी, 52.56 लीटर विदेशी शराब, शराब तस्कर गिरफ्तार, बिहार पुलिस

