बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में शामिल होगा सोनपुर, मकेर-अमनौर को जोड़ने के प्रस्ताव पर लगी मुहर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार में नियोजित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोनपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार के प्रस्तावित द्वितीय विस्तार को सर्वसम्मति से स्वीकृति दे दी गई है। सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित हितधारकों की बैठक में मकेर और अमनौर प्रखंडों को सोनपुर आयोजना क्षेत्र में शामिल करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। अब इस प्रस्ताव को नगर विकास एवं आवास विभाग को अंतिम स्वीकृति एवं अधिसूचना के लिए भेजा जाएगा। विभागीय मंजूरी मिलने के बाद सोनपुर आयोजना क्षेत्र का कुल दायरा बढ़कर लगभग 798.94 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा, जिससे यह बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में शामिल हो जाएगा।
बैठक में ऑनलाइन जुड़े सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि विस्तारित सोनपुर आयोजना क्षेत्र भविष्य में 'नया पटना' (New Patna) के रूप में विकसित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की इस महत्वाकांक्षी योजना में किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी तथा उनकी भागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2023 में पहली बार अधिसूचित सोनपुर आयोजना क्षेत्र का वर्ष 2025 में विस्तार कर इसे लगभग 599 वर्ग किलोमीटर तक बढ़ाया गया था। अब मकेर और अमनौर प्रखंडों को जोड़ने से करीब 199.94 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त क्षेत्र शामिल होगा। इसके बाद आयोजना क्षेत्र के अंतर्गत 575 राजस्व ग्राम और तीन शहरी प्रशासनिक इकाइयां आएंगी।
उन्होंने कहा कि इस विस्तार का उद्देश्य केवल क्षेत्रफल बढ़ाना नहीं, बल्कि तेजी से विकसित हो रहे पूरे क्षेत्र में संतुलित, वैज्ञानिक और सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। प्रस्तावित क्षेत्र में हरिहरनाथपुरम ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, सोनपुर ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, हरिहरनाथ कॉरिडोर और फिल्म सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रस्तावित अथवा विभिन्न चरणों में हैं। इन सभी परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक क्षेत्रीय योजना आवश्यक मानी गई है।
बैठक में यह भी बताया गया कि एनएच-139डब्ल्यू, शेरपुर-दिघवारा पुल, पटना रिंग रोड, गंगा-अंबिका पथ और गंगा-नारायणी पथ जैसी बड़ी अवसंरचनात्मक परियोजनाओं से पटना और सारण के बीच संपर्क तेजी से मजबूत हो रहा है। ऐसे में राजमार्गों के किनारे अनियोजित शहरीकरण को रोकते हुए व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास को भी इस विस्तार का प्रमुख आधार माना गया है। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला, ऐतिहासिक हरिहरनाथ मंदिर और अंबिका भवानी स्थान जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने की योजना है।
अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार के कारण सड़क, पेयजल, बिजली, आवास, स्वच्छता तथा सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। विस्तारित आयोजना क्षेत्र के माध्यम से इन चुनौतियों का समाधान करते हुए नियोजित विकास, निवेश को बढ़ावा, नए व्यावसायिक अवसरों का सृजन तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए विकल्प विकसित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद यह विस्तार उत्तर बिहार के शहरी विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा और पटना महानगरीय क्षेत्र के समानांतर एक नए नियोजित विकास मॉडल के रूप में उभरेगा।
बैठक में सोनपुर विधायक विनय सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त छपरा, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Sonepur Planning Area, New Patna, Sonepur Master Plan, Maker Amanour, Saran News, Vaibhav Srivastava, Rajiv Pratap Rudy, Bihar Urban Development, Hariharnathpuram, Green Field Airport, Film City

