भव्य शोभायात्रा के साथ त्रिवेणी संगम से हुई जलभरी, हनुमद प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत डोरीगंज थाना क्षेत्र में आयोजित हनुमद प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को भव्य जलभरी शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने गंगा और सोन नदी के त्रिवेणी संगम स्थित राघो बाबा तट से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरकर यज्ञ मंडप तक पहुंचाया। पूरे मार्ग में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जलभरी शोभायात्रा की शुरुआत कंस दियर शिव मंदिर परिसर स्थित नव निर्मित हनुमान मंदिर के यज्ञ स्थल से हुई। यह यात्रा मुसेपुर, बलुआ, डामरीकरण, सिंगही होते हुए मेहरौली के सामने स्थित त्रिवेणी संगम तक पहुंची। संगम तट पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। इसके बाद आचार्य राकेश मिश्र एवं ब्राह्मण मंडली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन, जल का संकल्प एवं यज्ञ की विधिवत शुरुआत कराई। पूजन के उपरांत श्रद्धालु कलशों में पवित्र जल लेकर शोभायात्रा के साथ यज्ञ मंडप के लिए रवाना हुए।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला- पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग शामिल हुए। श्रद्धालु डीजे पर बज रहे भगवान श्रीराम और श्रीहनुमान के भक्ति गीतों पर झूमते हुए "जय श्रीराम" और "जय श्रीहनुमान" के जयघोष लगाते रहे। शोभायात्रा में शामिल घोड़ों का आकर्षक प्रदर्शन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। रास्ते से गुजरने वाले कई वाहन चालक भी अपनी गाड़ियां रोककर श्रद्धालुओं के साथ जयघोष करते नजर आए। आयोजकों के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान तीन दिनों तक चलेगा। यज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन 8 जुलाई को किया जाएगा। जलभरी शोभायात्रा का नेतृत्व कैप्टन संतोष कुमार सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों एवं यज्ञ समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

