सांगठनिक निष्ठा का प्रतिफल: सारण से नागपुर जिला युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष तक का प्रशांत सिंह कश्यप का सफर
छपरा/पटना/नागपुर, 05 जुलाई 2026
सारण जिले के अमनौर प्रखंड अंतर्गत परशरामपुर गांव के युवा कार्यकर्ता प्रशांत सिंह कश्यप ने अपनी 11 वर्षों की सतत सांगठनिक यात्रा के बल पर एक नई उपलब्धि हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें संगठन के प्रति समर्पण, सक्रिय कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए नागपुर जिला युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में इस महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंचना क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
प्रशांत सिंह कश्यप की सामाजिक और सांगठनिक यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शाखा से शुरू हुई। उन्होंने संघ के प्राथमिक वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। संघ के संस्कारों और अनुशासन ने उनके व्यक्तित्व को नई दिशा दी, जिसके बाद उन्होंने छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों की शुरुआत की।
एबीवीपी में उन्होंने कॉलेज सदस्य, कॉलेज प्रमुख, भाग सदस्य, पश्चिम नागपुर मंत्री, महानगर महाविद्यालय प्रमुख सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। संगठन ने उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें मुंबई में विस्तारक के रूप में कार्य करने का अवसर दिया। बाद में बुटीबोरी क्षेत्र में भी उन्हें विस्तार कार्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यार्थी परिषद में सफल भूमिका निभाने के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा में सक्रिय जिम्मेदारी संभाली। पहले उन्हें युवा मोर्चा विद्यार्थी सह-प्रमुख बनाया गया और बाद में नागपुर विद्यार्थी जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब संगठन ने उन्हें नागपुर जिला युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष नियुक्त कर उनके कार्यों पर विश्वास जताया है।
राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद प्रशांत सिंह कश्यप का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव लगातार बना रहा। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनुमति से चिखली में प्रथम वर्ष संघ शिक्षा वर्ग भी पूर्ण किया और अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त किया। संगठन में उनकी लगातार सक्रियता और अनुशासित कार्यशैली को ही उनकी इस उपलब्धि का आधार माना जा रहा है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रशांत सिंह कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नेताओं नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस के प्रति आभार प्रकट किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
प्रशांत सिंह कश्यप की इस नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव परशरामपुर सहित अमनौर प्रखंड और सारण जिले के कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशांत सिंह कश्यप, नागपुर जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष, अमनौर परशरामपुर, सारण समाचार, BJP युवा मोर्चा, RSS, ABVP, बिहार युवा

