सिसवन में निवर्तमान सीओ पंकज कुमार को भावभीनी विदाई, नवागत सीओ उदयन सिंह का हुआ भव्य स्वागत
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के अंबेडकर सभागार में शुक्रवार को निवर्तमान अंचल अधिकारी (सीओ) पंकज कुमार की भावपूर्ण विदाई एवं नवागत अंचल अधिकारी उदयन सिंह के स्वागत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दोनों अधिकारियों का सम्मान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने निवर्तमान अंचल अधिकारी पंकज कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित एवं प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया। उनके सहयोगात्मक व्यवहार, कार्यशैली और मार्गदर्शन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
वहीं नवागत अंचल अधिकारी उदयन सिंह का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उपस्थित लोगों ने उनसे क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा व्यक्त की। सभी जनप्रतिनिधियों ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र शाह, जन सुराज नेता अभिषेक पांडेय, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र भारती, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश तिवारी, राजद नेता अवधेश चौहान, अभिषेक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।
समारोह के अंत में निवर्तमान अंचल अधिकारी पंकज कुमार को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि नवागत अंचल अधिकारी उदयन सिंह का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में अंचल कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सिसवन सीओ, पंकज कुमार विदाई, उदयन सिंह स्वागत, सिसवन प्रखंड, अंबेडकर सभागार, सीवान समाचार, अंचल अधिकारी, सिसवन न्यूज

