श्रावणी मेला 2026: 30 जुलाई से पुराने गंडक पुल पर वाहनों की एंट्री बंद, कांवरियों के लिए रहेगा सिर्फ पैदल मार्ग
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: श्रावणी मेला-2026 के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सारण जिला प्रशासन ने सोनपुर और हाजीपुर के बीच स्थित पुराने गंडक पुल पर वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह विशेष यातायात व्यवस्था 30 जुलाई से लागू होगी, जिसके तहत पुराने पुल का उपयोग केवल पैदल कांवरिया श्रद्धालु एवं अन्य पैदल यात्रियों के लिए किया जाएगा, जबकि सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन नए गंडक पुल से कराया जाएगा।
सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल हाजीपुर द्वारा पुराने गंडक पुल का संयुक्त निरीक्षण किए जाने के बाद पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए केवल हल्के उपयोग की अनुशंसा की गई थी। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हाजीपुर के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। प्रशासन का मानना है कि पहलेजा घाट एवं कालीघाट से जल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर जाने वाले कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था आवश्यक है।
इसके अलावा 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार से सोमवार तक नए गंडक पुल पर भी हाजीपुर और सोनपुर के बीच भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में छपरा से हाजीपुर जाने वाले भारी वाहनों को शीतलपुर–परसा–मकेर–रेवाघाट–बखरा चौक–वैशाली–लालगंज–अंजानपीर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं पटना की ओर से आने वाले भारी वाहन बीएसएनएल गोलंबर फ्लाईओवर–अंजानपीर–लालगंज–वैशाली–बखरा चौक–रेवाघाट–परसा–शीतलपुर मार्ग से छपरा एवं मुजफ्फरपुर की ओर जाएंगे।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
श्रावणी मेला 2026, पुराने गंडक पुल बंद, सोनपुर हाजीपुर ट्रैफिक, कांवरिया मार्ग, सारण जिला प्रशासन, वैभव श्रीवास्तव, नए गंडक पुल, भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, बाबा गरीबनाथ यात्रा, छपरा समाचार

