सारण: प्रेमी से मिलने गई नाबालिग के।साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
सारण (बिहार) | 07 जुलाई 2026
सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग का परिचय देते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म एवं पॉक्सो कांड का त्वरित उद्भेदन कर 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 06 जुलाई 2026 को पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 481/26 दर्ज किया गया। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1), पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत पंजीकृत कर तत्काल अनुसंधान शुरू किया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता का एक आरोपी के साथ लगभग एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग था। आरोपी के बुलाने पर वह मगाईडीह चंवर में मिलने गई, जहां आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसी दौरान अन्य लोगों ने दोनों को देख लिया और आरोप है कि दो अन्य व्यक्तियों ने भी पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया तथा घटना का वीडियो भी बना लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया।
अनुसंधान के दौरान प्राप्त वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिथलेश कुमार महतो तथा सचिन कुमार उर्फ भुअर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है तथा विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने कहा है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Saran News, Chhapra News, Mufassil Police, POCSO Case Saran, Gangrape Case Chhapra, Saran Police Action, Bihar Crime News, SSP Saran

