सखी वार्ता में महिलाओं को किया गया जागरूक, बाल विवाह रोकने की दिलाई गई सामूहिक शपथ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: मिशन शक्ति के तहत बनियापुर प्रखंड की सिसई पंचायत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), जीविका एवं जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन (DHEW), सारण (WCDC) के संयुक्त तत्वावधान में 'सखी वार्ता' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में डालसा के अधिवक्ता अमन वत्स ने महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।
DHEW सारण की जेंडर स्पेशलिस्ट सुजाता श्री ने मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने दहेज प्रथा, महिलाओं की सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में जीविका की दीदियों ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं से समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला मिशन समन्वयक निभा, डालसा के अधिवक्ता अमन वत्स एवं जेंडर स्पेशलिस्ट सुजाता श्री ने उपस्थित महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बाल विवाह न करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने अपने क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
जिला मिशन समन्वयक निभा ने कहा कि 'सखी वार्ता' का उद्देश्य अंतिम पायदान पर बैठी महिला तक सरकार की योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी वास्तविक अर्थों में महिला सशक्तिकरण संभव होगा।
कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता, जीविका की सीएम तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। अंत में महिलाओं के बीच विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित जागरूकता पंपलेट का वितरण किया गया।
सखी वार्ता, बनियापुर समाचार, सिसई पंचायत, डालसा सारण, जीविका, DHEW सारण, मिशन शक्ति, बाल विवाह, महिला सशक्तिकरण, सारण न्यूज

