₹8 हजार रिश्वत लेते दरोगा जी रंगेहाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो ने दबोचा
मुजफ्फरपुर (बिहार): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बुधवार को मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर ओपी में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एसआई) मुन्ना कुमार यादव को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी राजेपुर ओपी परिसर से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, परिवादी बबन पासवान, निवासी परसौनी नाथ (राजेपुर ओपी, थाना साहेबगंज) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साहेबगंज थाना कांड संख्या 523/26 में उनके पुत्र का नाम हटाने के एवज में एसआई मुन्ना कुमार यादव 8 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 077/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआई को राजेपुर ओपी परिसर में रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय (निगरानी), मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध दर्ज यह 77वां मामला है। इनमें 72 ट्रैप केस दर्ज किए जा चुके हैं और अब तक 71 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में कुल 27,63,300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है। वर्ष 2025 में निगरानी ब्यूरो ने 101 ट्रैप केस दर्ज किए थे, जिनमें 37,80,300 रुपये की रिश्वत बरामद हुई थी।
Muzaffarpur News, Rajepur OP, SI Munna Kumar Yadav, Vigilance Bureau Bihar, Bribery Case, Corruption News, Bihar Vigilance Raid, Bihar News

