बिग अपोलो अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी सेवा शुरू, बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं ने छुआ नया मुकाम
पटना (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिग अपोलो अस्पताल में बुधवार को डॉक्टर दिवस, अस्पताल के आठवें स्थापना दिवस एवं अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सेवा के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में हुए बदलावों की सराहना करते हुए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सक समाज के लिए भगवान का स्वरूप हैं, जो लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधा के लिए मरीजों को बिहार से बाहर जाना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों के कारण अब यह सुविधा राज्य में ही उपलब्ध हो गई है। उन्होंने इसे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की दूरदर्शी नीतियों और निजी क्षेत्र की सकारात्मक भागीदारी से राज्य का स्वास्थ्य तंत्र लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी वाले बिहार में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सभी तक पहुंचाने के लिए निजी अस्पतालों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बिग अपोलो अस्पताल आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
मंगल पांडेय ने अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय प्रकाश की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अस्पताल लगातार नई चिकित्सा सुविधाएं जोड़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि रोबोटिक सर्जरी सेवा शुरू होने से हजारों मरीजों को राज्य में ही बेहतर और अत्याधुनिक उपचार मिलेगा तथा बिहार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय प्रकाश ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अस्पताल की आठ वर्षों की सफल यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है और रोबोटिक सर्जरी सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय कुमार, डॉ. राजेश कुमार तिवारी, डॉ. नेकेश कुमार, डॉ. नीरव कुमार, डॉ. आमिर कुमार, मधुकर दयाल सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ डॉक्टर, चिकित्सा कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
बिग अपोलो अस्पताल पटना, रोबोटिक सर्जरी बिहार, विजय कुमार चौधरी, मंगल पांडेय, डॉक्टर दिवस 2026, बिहार स्वास्थ्य सेवाएं, पटना हेल्थ न्यूज, आधुनिक चिकित्सा सुविधा

