सोनपुर पहुंचे पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सूर्य-शनि मंदिर में पूजा कर संतों से लिया आशीर्वाद
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता बुधवार को धार्मिक नगरी सोनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक लोकसेवा आश्रम में भगवान सूर्य एवं शनिदेव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा बिहार प्रदेश उदासीन महामंडल के अध्यक्ष एवं लोकसेवा आश्रम के व्यवस्थापक संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने कबीर मठ में आयोजित कबीर जयंती समारोह में भाग लेते हुए संत कबीर के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
लोकसेवा आश्रम पहुंचने पर पर्यटन मंत्री का संतों एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों ने भव्य स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने पुराने हनुमान मंदिर के स्थान पर निर्माणाधीन दक्षिणमुखी संकट मोचन हनुमान मंदिर का निरीक्षण किया। संत मौनी बाबा ने मंत्री को बताया कि मंदिर निर्माण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मंदिर की भव्यता की सराहना करते हुए इसे धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर संत मौनी बाबा ने हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर अपनी चिंता भी पर्यटन मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर निर्माण के कारण लोकसेवा आश्रम के प्राचीन मंदिरों, समाधि स्थलों एवं आवासीय परिसर के अस्तित्व पर संकट की आशंका है। उन्होंने आग्रह किया कि परियोजना का विकास इस प्रकार किया जाए जिससे आश्रम की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान सुरक्षित रह सके। स्थानीय लोगों ने भी मंत्री को आश्रम के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।
संतों ने बताया कि इस पावन स्थल पर भारत रत्न शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, तबला सम्राट पंडित किशन महाराज तथा कथक नृत्यांगना माया चटर्जी सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। प्रतिवर्ष 7 अगस्त को आयोजित होने वाला अखिल भारतीय संगीत महोत्सव इस आश्रम की विशेष पहचान है। इस दौरान पुजारी अनिल झा, उदासीन लाल दास सहित अन्य लोगों ने भी आश्रम की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने की मांग उठाई।
इसके बाद पर्यटन मंत्री मानव मोक्ष संस्थान भगवान धाम स्थित कबीर मठ, साधुगाछी पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य महंत आमोद गोस्वामी एवं महंत दयानंद गोस्वामी के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कबीर जयंती समारोह का उद्घाटन किया तथा संत कबीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
अपने संबोधन में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि संत कबीर ने समाज को जाति, धर्म और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से कबीर के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं ने सोनपुर स्थित कबीर मठ परिसर में भव्य कबीर संग्रहालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इस पर पर्यटन मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यह महत्वपूर्ण सुझाव है और बिहार सरकार राज्य के प्रमुख कबीर मठों को पर्यटन मानचित्र से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कबीर संग्रहालय के प्रस्ताव पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। मंत्री के इस आश्वासन से उपस्थित संतों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
केदार प्रसाद गुप्ता, सोनपुर समाचार, लोकसेवा आश्रम, सूर्य शनि मंदिर, कबीर मठ, कबीर संग्रहालय, हरिहरनाथ कॉरिडोर, सारण न्यूज, बिहार पर्यटन, कबीर जयंती

