राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ में हुआ विशेष कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताई डॉक्टरों की भूमिका
/// जगत दर्शन न्यूज
कोलकाता | 1 जुलाई 2026
खिदिरपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न डॉ. विधानचंद्र राय की स्मृति में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को चिकित्सकों के समाज के प्रति योगदान और सेवा भावना से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मधुरिमा चंद्रा द्वारा डॉ. विधानचंद्र राय के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद शिक्षिका शाश्वती मुखर्जी ने विद्यार्थियों को डॉ. राय के जीवन, उनके चिकित्सकीय योगदान तथा मुख्यमंत्री के रूप में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करते हैं और समाज में उनका योगदान अतुलनीय है।
कार्यक्रम में बताया गया कि डॉ. विधानचंद्र राय का जन्म 1 जुलाई 1882 तथा निधन 1 जुलाई 1962 को हुआ था। उनकी स्मृति में भारत सरकार ने वर्ष 1991 से प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की जा सके।
इस अवसर पर शिक्षक कौशिक साधुखान, नितेश्वर चौधरी, सुमन कुमार दास, सुनीता राउत, शमीना हसन, मो. इब्राहिम, गिरिजेश शर्मा एवं विनोद यादव सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
National Doctors Day 2026, Jawaharlal Nehru Vidyapeeth Kolkata, Dr Bidhan Chandra Roy, Kolkata School News, National Doctors Day Celebration, West Bengal Education News
#NationalDoctorsDay #DoctorsDay2026 #Kolkata #WestBengal #DrBidhanChandraRoy #Education #SchoolNews #Healthcare #India #News
