सारण: अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने रिविलगंज थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के बल पर आम लोगों में दहशत फैलाने और वर्चस्व कायम करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी पिस्टल बरामद किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत रिविलगंज थाना पुलिस को 16 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के विजय राय के टोला में दो युवक खुलेआम अवैध आग्नेयास्त्र का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपनी पहचान निरंजन सिंह उर्फ लालमोहन, पिता निर्भय सिंह, निवासी विजय राय के टोला, थाना रिविलगंज, जिला सारण के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुणाल सिंह के घर के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक देशी पिस्टल बरामद कर ली।
इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 431/26 दर्ज कर भारतीय आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी कुणाल सिंह, पिता सूचित सिंह, निवासी विजय राय के टोला, थाना रिविलगंज, जिला सारण को भी छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया तथा इसका उपयोग किन गतिविधियों में किया जा रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिविलगंज थाना, सारण पुलिस, देशी पिस्टल बरामद, अवैध हथियार, रिविलगंज समाचार, सारण क्राइम न्यूज, बिहार पुलिस, आर्म्स एक्ट

